रायगढ़। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जिलेभर में मनरेगा कार्यस्थलों पर ‘मजदूर सम्मान समारोह’ आयोजित कर श्रमिकों को सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों के योगदान को सम्मान देना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
समारोह के दौरान मनरेगा कार्यस्थलों पर कार्यरत श्रमिकों का तिलक लगाकर और पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने श्रमिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, मांगों और कार्यस्थल संबंधी चुनौतियों को सुना।
कार्यक्रम की प्रमुख उपलब्धि मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लंबित मजदूरी भुगतान मामलों का मौके पर निराकरण रहा। अधिकारियों ने तत्काल समीक्षा कर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराईं, जिससे श्रमिकों को उनके बकाया भुगतान दिलाने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
इस दौरान श्रमिकों को उनके अधिकारों, रोजगार योजनाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। ग्रामीण रोजगार और आजीविका सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि श्रमिक विकास की आधारशिला हैं और शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक श्रमिक को समय पर रोजगार, उचित मजदूरी और आवश्यक सुविधाएं मिलें। जिलेभर में आयोजित इस पहल से श्रमिकों में उत्साह और प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।









