चंदौली। मुगलसराय में शनिवार को चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान प्रशासनिक अमले के बीच ही तीखी नोकझोंक देखने को मिली। अभियान के तीसरे दिन दोपहर करीब 2:40 बजे मौके पर उप जिलाधिकारी अनुपम मिश्रा और मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के बीच कहासुनी हो गई।
जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान एसडीएम द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने और हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसी दौरान कार्यप्रणाली को लेकर थानाध्यक्ष ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों अधिकारियों के बीच बहस तेज हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक थानाध्यक्ष ने सवाल उठाते हुए कहा कि कार्य में कमी को लेकर इस प्रकार टिप्पणी कैसे की जा सकती है। इस पर एसडीएम ने भी आपत्ति दर्ज कराई और व्यवहार को अनुचित बताया।
स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई, लेकिन मौके पर मौजूद अन्य अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर विवाद को शांत कराया।
कुछ देर बाद अभियान पुनः शुरू कर दिया गया। हालांकि इस घटना ने मौके पर मौजूद व्यापारियों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान निर्धारित योजना के अनुसार जारी रहेगा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।













