भोपाल। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। भीषण तूफान के दौरान हुए इस हादसे में मलबे के नीचे दबकर पांच मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तेज कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार हादसा देर रात करीब दो बजे हुआ, जब तेज आंधी और खराब मौसम के बीच पुल का स्लैब अचानक भरभराकर गिर पड़ा। उस समय कई मजदूर निर्माण स्थल पर मौजूद थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और राहत अभियान शुरू किया गया।
हमीरपुर के अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि अब तक पांच शवों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है और उनकी पहचान कर ली गई है। बचाव दल लगातार मलबा हटाने में जुटा हुआ है, क्योंकि कुछ और मजदूरों के दबे होने की आशंका बनी हुई है।
घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता दी जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मृतकों के परिवारों से सीधे संपर्क स्थापित कर उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।









