सहरसा। बिहार के सहरसा जिले में सोमवार तड़के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर समस्तीपुर–सहरसा पैसेंजर ट्रेन (संख्या 63344) में आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग ट्रेन के इंजन और उससे जुड़े एक कोच में लगी, जिससे दोनों हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही ट्रेन से घना धुआं और ऊंची लपटें उठने लगीं। मौके पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रेलवे अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के कारणों का आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया गया है।









