,

अधूरे निर्माण पूरे कराने और स्ट्रीट लाइटें चालू करने के निर्देश, मंत्री ने डीएम के सामने उठाईं जनसमस्याएं

चंदौली। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने गुरुवार को जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग और संबंधित विभागों के अधिकारियों से मुलाकात कर सकलडीहा सहित विभिन्न गांवों की समस्याएं उठाईं। उन्होंने हाईवे निर्माण से जुड़े अधूरे कार्य पूरे कराने, हैंडपंपों को पुनः स्थापित करने और स्ट्रीट लाइटें चालू कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बिजली और लोक निर्माण विभाग से संबंधित समस्याओं का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।

मंत्री ने बताया कि सकलडीहा में हाईवे निर्माण के दौरान मंदिर और भवन से जुड़े निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरे हैं। उन्होंने इन्हें शीघ्र पूरा कराने को कहा। तेंदुई, टिमिलपुर और नागेपुर ग्राम सभाओं में हैंडपंपों की पुनर्स्थापना का मुद्दा भी उठाते हुए पीडब्ल्यूडी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

छठ महापर्व की तैयारियों पर चर्चा करते हुए अनिल राजभर ने सकलडीहा और जिले के अन्य सरोवरों पर साफ-सफाई, सुरक्षा तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने हाईवे की स्ट्रीट लाइटें जल्द चालू कराने पर भी जोर दिया, ताकि लोगों को रात में आवागमन के दौरान परेशानी न हो।

बैठक में सकलडीहा पीजी कॉलेज में प्रस्तावित जिला स्तरीय रोजगार मेले की तैयारियों और कॉलेज के बिजली बिल से जुड़ी समस्या पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों से इन विषयों का समाधान कराने को कहा।

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री का माला और अंगवस्त्र से स्वागत किया तथा मिठाई खिलाई। मौके पर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता नरेश कुमार, सहायक अभियंता सियाराम यादव और आलोक सिंह मौजूद रहे। शिवमंगल बियार, मिश्री राजभर, रतेंद्र राजभर, अतुल सिंह, विकास राय, रामप्यारे, टुनटुन राजभर, कैलाश, मुरली और अक्षय सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।

ब्यूरो प्रमुख- चंदौली

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!