, ,

छठ और लोटा-भंटा मेले की तैयारियों को लेकर एडीसीपी ने किया घाटों का निरीक्षण

वाराणसी। आगामी छठ महापर्व और 29 नवंबर को आयोजित होने वाले लोटा-भंटा मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र सिंह ने जंसा थाना क्षेत्र स्थित रामेश्वर मंदिर और वरुणा नदी के घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति और श्रद्धालुओं के आवागमन की स्थिति देखी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड लगाने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।

छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एडीसीपी ने गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने, गोताखोरों और वालंटियर्स की तैनाती सुनिश्चित करने तथा वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था बनाने को कहा। महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर मिशन शक्ति टीम और एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए।

लोटा-भंटा मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए उन्होंने जंसा और बड़ागांव क्षेत्र में यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था करने पर जोर दिया। अधिकारियों को वैकल्पिक मार्ग और रूट डायवर्जन की योजना समय से तैयार कर लागू करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

एडीसीपी ने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे पुलिस प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!