, ,

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को आईआईएम मुंबई ने विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान से नवाजा

वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) मुंबई की ओर से जनसेवा और भारतीय पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान प्रदान किया गया। मुंबई में संस्थान की ओर से आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान दिया गया। उल्लेखनीय है कि आईआईएम मुंबई पूर्व में राष्ट्रीय औद्योगिक अभियांत्रिकी संस्थान के नाम से जाना जाता था।

वर्ष 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी मोहित अग्रवाल लगभग तीन दशक से पुलिस सेवा में कार्यरत हैं। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के 15 जनपदों में पुलिस प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी निभाई है। वर्ष 2005-06 में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में भी अपनी सेवाएं दी थीं। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के प्रमुख के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने आतंकी गतिविधियों के खिलाफ कई महत्वपूर्ण कार्रवाइयों का नेतृत्व किया।

प्रयागराज में वर्ष 2013 और 2019 में आयोजित कुंभ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा फर्रुखाबाद में ऑपरेशन मासूम के तहत बंधक बनाए गए 23 बच्चों को सकुशल मुक्त कराने के अभियान का नेतृत्व उन्होंने किया था। इस कार्य के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया गया।

पुलिस सेवा में योगदान के लिए मोहित अग्रवाल को राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक के अलावा विशिष्ट सेवा पदक, सराहनीय सेवा पदक और अति उत्कृष्ट सेवा पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है। आईआईएम मुंबई का विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान उनके लंबे सेवाकाल और जनसेवा में योगदान को मान्यता देने वाला सम्मान है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!