,

राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की ढोकरा कला का प्रदर्शन, 50 बेलमेटल शिल्पकारों से मिलीं द्रौपदी मुर्मु

रायपुर। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बेलमेटल शिल्पकला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का एक विशेष अवसर तब मिला, जब प्रदेश के 50 शिल्पकारों ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। कोंडागांव और रायगढ़ से पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल के कलाकारों ने पीढ़ियों से चली आ रही अपनी कला और सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व किया।

यह मुलाकात राष्ट्रपति की इच्छा पर आयोजित की गई थी। उन्होंने छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड में पंजीकृत कोंडागांव और रायगढ़ के बेलमेटल कलाकारों से मिलने की इच्छा जताई थी। इसी के बाद शिल्पकारों का दल दिल्ली पहुंचा। इस दौरान छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत और सचिव राजेश सिंह राणा भी मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ की बेलमेटल कला को खासतौर पर बस्तर की ढोकरा शिल्प परंपरा के लिए जाना जाता है। इस कला में धातु को आकार देकर देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों, ग्रामीण जीवन और पारंपरिक जनजातीय आकृतियों को उकेरा जाता है। इसकी विशिष्ट निर्माण प्रक्रिया और बारीक कारीगरी इसे अलग पहचान देती है। कोंडागांव के कई शिल्पकार पीढ़ियों से इस हुनर को आगे बढ़ा रहे हैं और पारंपरिक ज्ञान को अपनी कला के माध्यम से संरक्षित रखे हुए हैं।

राष्ट्रपति भवन में देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले पारंपरिक कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी सांस्कृतिक विरासत प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाता रहा है। छत्तीसगढ़ के कलाकारों के साथ हुई यह मुलाकात भी इसी पहल का हिस्सा रही। इससे प्रदेश की जनजातीय कला, हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों की रचनात्मक परंपरा को देश के सर्वोच्च संवैधानिक संस्थान में प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

पीढ़ियों से पारंपरिक विधि से बेलमेटल की कलाकृतियां तैयार कर रहे इन शिल्पकारों के लिए राष्ट्रपति से मुलाकात सम्मान और गौरव का अवसर रही। इस आयोजन ने बस्तर सहित छत्तीसगढ़ की लोककला और शिल्प विरासत की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय मंच पर सामने रखा।

ब्यूरो प्रमुख- रायपुर

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!