बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। ईदगाह पुरवा गांव में घर के भीतर मच्छरदानी में मां के साथ सो रही छह वर्षीय बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया। वह बच्ची को मुंह में दबाकर बाहर ले जाने लगा, लेकिन मां ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए का सामना किया और बेटी को उसके चंगुल से सुरक्षित छुड़ा लिया।
ईदगाह पुरवा निवासी राजेश की बेटी दिव्या अपनी मां बिंद्रावती के साथ सो रही थी। इसी दौरान तेंदुआ घर में घुस आया और बच्ची को दबोचकर घसीटने लगा। दिव्या की चीख सुनकर मां की नींद खुली तो सामने तेंदुए को बेटी पर हमला करते देखा। बिंद्रावती ने बिना घबराए तेंदुए से मुकाबला किया। उनके प्रतिरोध के कारण तेंदुए को बच्ची छोड़कर भागना पड़ा। इसके बाद वह खेतों की ओर चला गया।
हमले में दिव्या घायल हो गई। परिजन तत्काल उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली ले गए, जहां चिकित्सक डॉ. आरपी सिंह ने उसका प्राथमिक उपचार किया। बच्ची की स्थिति को देखते हुए उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया।
घटना की खबर फैलते ही बच्ची के चाचा कुशमेश सिंह, उमेश सिंह, राजेश समेत कई ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घर के अंदर तेंदुए के घुसने और बच्ची पर हमला करने की घटना से गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में तेंदुए के हमले लगातार सामने आ रहे हैं। अब जंगली जानवरों के घरों तक पहुंचने से बच्चों और परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में तत्काल पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है। सुजौली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द पिंजरा लगाया जाएगा। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई किए जाने की भी बात कही।












