गोरखपुर। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह प्लेटफार्म की जानकारी नहीं मिलने से 30 से अधिक यात्रियों की ट्रेन छूट गई। इनमें कई यात्री कन्फर्म टिकट लेकर सफर करने पहुंचे थे, लेकिन समय पर सही सूचना नहीं मिलने के कारण ट्रेन में सवार नहीं हो सके। नाराज यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा किया और स्टेशन मास्टर के कक्ष में पहुंचकर रेलवे प्रशासन के प्रति विरोध जताया।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 03528 गोरखपुर-आसनसोल स्पेशल एक्सप्रेस को शनिवार सुबह छह बजे रवाना होना था। ट्रेन निर्धारित समय पर प्लेटफार्म नंबर छह से रवाना हो गई, लेकिन 30 से अधिक यात्री वहां तक नहीं पहुंच पाए। यात्रियों का आरोप है कि उन्हें ट्रेन के प्लेटफार्म की जानकारी समय रहते नहीं दी गई। न तो स्टेशन पर कोई उद्घोषणा हुई और न ही डिस्प्ले बोर्ड पर ट्रेन के प्लेटफार्म की सूचना दिखाई दी।
ट्रेन छूटने के बाद यात्रियों ने रेलवे की सूचना व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जब उनके पास कन्फर्म टिकट थे तो केवल प्लेटफार्म की जानकारी नहीं मिलने के कारण यात्रा से वंचित होना पड़ा। इस दौरान स्टेशन पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। यात्रियों के मुताबिक, ड्यूटी पर तैनात उद्घोषक ने भी बताया कि उन्हें स्पेशल ट्रेन के संचालन की जानकारी नहीं दी गई थी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की। गोरखपुर में छूटे यात्रियों को 15008 कृषक एक्सप्रेस से देवरिया भेजा गया। वहां ट्रेन रुकवाकर यात्रियों को उतारा गया और गोरखपुर-आसनसोल स्पेशल एक्सप्रेस में सवार कराया गया। इसके बाद वे अपनी आगे की यात्रा जारी कर सके।
इस घटना ने रेलवे के विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और यात्रियों को सूचना देने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि यदि समय पर उद्घोषणा कर दी जाती और डिस्प्ले बोर्ड पर प्लेटफार्म की सही जानकारी दिखाई जाती तो उन्हें इस परेशानी से नहीं गुजरना पड़ता। कन्फर्म टिकट होने के बावजूद ट्रेन छूटने की घटना से यात्रियों में नाराजगी है।












