,

पल्स पोलियो अभियान शुरू, 3.07 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

चंदौली। जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र में जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने नवजात शिशुओं को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस बार जिले में शून्य से पांच वर्ष तक के 3,07,618 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेभर में 976 बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा 38 ट्रांजिट टीमें और 18 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। बूथ दिवस के बाद 23 से 27 नवंबर तक स्वास्थ्य विभाग की 616 टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।

शुभारंभ के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक बच्चों को बूथ पर ही दवा पिलाई जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान किसी भी बच्चे को खुराक देने से छूटने नहीं दिया जाए। विशेष रूप से ऐसे इलाकों पर ध्यान देने की जरूरत है, जहां कुछ परिवार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने में आनाकानी करते हैं।

नियामताबाद ब्लॉक के दुलहीपुर, रेमा और नई बस्ती सहित अन्य क्षेत्रों को विशेष रूप से चिह्नित किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इन इलाकों में परिवारों को जागरूक करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रधानों का सहयोग लिया जाए। स्वास्थ्य कर्मी अभिभावकों को पोलियो की खुराक के महत्व के बारे में समझाएं और हर पात्र बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित करें।

अभियान की निगरानी के लिए जनपद स्तर पर अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण करेंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान में बाइवैलेंट ओरल पोलियो वैक्सीन (बीओपीवी) का इस्तेमाल किया जाएगा। तैयारियों के संबंध में सभी ब्लॉक अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को पहले ही आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं। अभियान की निगरानी के लिए जनपद और ब्लॉक स्तर पर पर्यवेक्षकों की भी तैनाती की गई है। ये पर्यवेक्षक बूथों के साथ-साथ घर-घर चलने वाले टीकाकरण अभियान की निगरानी करेंगे।

पर्यवेक्षकों को प्रतिदिन शाम को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में आयोजित फीडबैक बैठक में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। इसके आधार पर अभियान की प्रगति और छूटे हुए बच्चों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं, ताकि जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने के प्रयास लगातार जारी रहें।

ब्यूरो प्रमुख- चंदौली

Follow us

error: Content is protected !!