,

राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक मामलों के निस्तारण की तैयारी, न्यायिक अधिकारियों को दिए निर्देश

चंदौली। लंबित मोटर वाहन चालानों और अन्य मुकदमों के निपटारे को लेकर न्यायिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 12 दिसंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का समाधान कराने के उद्देश्य से 28 नवंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में न्यायिक अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में विशेष लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा के साथ मामलों के निस्तारण की रणनीति पर चर्चा की गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं न्यायाधीश विवेक त्रिपाठी के निर्देशन में हुई बैठक की अध्यक्षता अपर जनपद न्यायाधीश, कक्ष संख्या-1 रामबाबू यादव ने की। इसमें सभी न्यायिक अधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान रामबाबू यादव ने लंबित मोटर वाहन चालानों और अन्य मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मामलों का समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए। संबंधित पक्षकारों को समय रहते सूचना पहुंचाने और उन्हें आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवाद समाप्त करने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया।

न्यायिक अधिकारियों को 12 दिसंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए लंबित मामलों की पहले से पहचान करने तथा प्री-लिटिगेशन स्तर पर ही विवादों के समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा गया। बैठक में विशेष रूप से मोटर वाहन से संबंधित लंबित चालानों के अधिकाधिक निस्तारण पर ध्यान केंद्रित किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड ने बताया कि इस बार पिछली राष्ट्रीय लोक अदालत की तुलना में अधिक मामलों का निस्तारण कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

ब्यूरो प्रमुख- चंदौली

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!