, ,

इलेक्ट्रिक बसों में किराया वसूली पर सवाल, 20 रुपये लेकर थमाया 15 का टिकट

वाराणसी। इलेक्ट्रिक बसों में किराया वसूली और टिकट वितरण को लेकर यात्रियों ने अनियमितता की शिकायत की है। आरोप है कि कुछ कंडक्टर निर्धारित किराया लेने के बाद टिकट नहीं देते, जबकि कहीं कम कीमत का टिकट देकर यात्रियों से अधिक पैसे वसूले जा रहे हैं। ताजा मामला मिर्जामुराद से राजातालाब के बीच संचालित इलेक्ट्रिक बस का है, जहां पांच रुपये अधिक लेने का आरोप लगाया गया है।

गुरुवार सुबह बस संख्या यूपी 32 पीएन 8716 (रूट संख्या 109, डीडीयू) में सफर कर रहे एक यात्री ने कंडक्टर अखिलेश कुमार यादव पर यूपीआई के जरिए 20 रुपये लेने का आरोप लगाया। यात्री के मुताबिक, भुगतान के बाद उसे 15 रुपये का टिकट दिया गया, जिस पर साधु कुटिया से राजातालाब तक की यात्रा दर्ज थी। यात्री ने सवाल उठाया कि जब टिकट की कीमत 15 रुपये थी तो उससे 20 रुपये क्यों लिए गए।

यात्री का कहना है कि पांच रुपये का यह अंतर भले ही कम दिखाई दे, लेकिन इस तरह की वसूली से यात्रियों को आर्थिक नुकसान हो सकता है। उसने अन्य इलेक्ट्रिक बसों में भी टिकट नहीं देने और निर्धारित किराये से अधिक रकम लेने की आशंका जताई है।

शिकायतकर्ता ने इस मामले की जानकारी एआरएम रोडवेज को दी है। अब परिवहन विभाग की जांच और कार्रवाई पर यात्रियों की नजर है। यात्रियों ने मांग की है कि बसों में जारी किए जा रहे टिकटों और यूपीआई भुगतान का मिलान कराया जाए। साथ ही किराया वसूली की नियमित जांच हो, ताकि किसी यात्री से निर्धारित किराये से अधिक रकम न ली जा सके।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!