वाराणसी। संविधान दिवस पर राजातालाब स्थित महाराज बलवंत सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय में युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक जिम्मेदारियों से जोड़ने के उद्देश्य से ‘युवा संवाद–संविधान दिवस एडिशन’ आयोजित किया गया। महाविद्यालय के विधि विभाग की ओर से हुए इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों पर चर्चा की।
प्राचार्य प्रो. पुरुषोत्तम सिंह की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में कार्यक्रम की शुरुआत हुई। उन्होंने अपने संबोधन में भारतीय संविधान की महत्ता बताते हुए कहा कि नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से संवैधानिक मूल्यों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखकर अपने व्यवहार और जीवन में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में यूथ आइकन सृजन चतुर्वेदी ने युवाओं की भूमिका पर विचार साझा किए। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने, संवैधानिक जागरूकता बढ़ाने और विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भागीदारी पर जोर दिया। संवाद के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी खुलकर अपने विचार रखे और चर्चा में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. डॉ. अखिलानन्द सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विधि विभाग के सहायक प्राध्यापक चन्द्र प्रकाश शुक्ल और डॉ. शिव कैलाश का विशेष योगदान रहा। अंत में अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विधि विभाग के सभी प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












