रायगढ़। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर आजीविका से जोड़ने के प्रयासों के बीच जिले के ग्राम धनागर की कमला चौधरी ने अपनी मेहनत से अलग पहचान बनाई है। स्व-सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने मशरूम उत्पादन को आय का जरिया बनाया। अब वह खुद आमदनी अर्जित करने के साथ मास्टर ट्रेनर के रूप में दूसरी महिलाओं को भी मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दे रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर विकसित हो रहे हैं।
कमला चौधरी की इस यात्रा की शुरुआत रुक्मणी स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद हुई। समूह की नियमित बैठकों में भाग लेने के साथ उन्होंने बचत करना शुरू किया। इसी दौरान उन्हें आजीविका के अलग-अलग साधनों और शासन की योजनाओं की जानकारी मिली। समूह से आवश्यकता के अनुसार कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी उपलब्ध हुई। इसके अलावा अपनी बचत के आधार पर उन्होंने बैंक से भी ऋण प्राप्त किया। आर्थिक सहयोग मिलने से उनके लिए नए काम शुरू करने और अपनी आजीविका को आगे बढ़ाने का रास्ता खुला।
खेती और मशरूम उत्पादन को बनाया आय का जरिया
कमला चौधरी ने बैंक से प्राप्त ऋण का उपयोग खेती, पशुपालन और मशरूम उत्पादन जैसी गतिविधियों में किया। प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलने के बाद उन्होंने ऑयस्टर तथा पैरा पुटू मशरूम का उत्पादन शुरू किया। शुरुआत में इस काम की बारीकियों को समझने के लिए उन्होंने लगातार अभ्यास किया और धीरे-धीरे उत्पादन की तकनीक में दक्षता हासिल कर ली।
समय के साथ मशरूम उत्पादन उनके लिए अतिरिक्त आमदनी का महत्वपूर्ण साधन बन गया। इस काम से होने वाली आय ने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मदद की। स्व-सहायता समूह के माध्यम से मिली जानकारी, बचत की आदत और ऋण सुविधा ने उन्हें अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक गतिविधियां अपनाने का अवसर दिया।
मास्टर ट्रेनर बनकर महिलाओं को दे रहीं प्रशिक्षण
मशरूम उत्पादन में अनुभव हासिल करने के बाद कमला चौधरी अब मास्टर ट्रेनर के रूप में दूसरी ग्रामीण महिलाओं को भी प्रशिक्षित कर रही हैं। वह अलग-अलग स्थानों पर जाकर महिलाओं को मशरूम उत्पादन की प्रक्रिया, उसकी तकनीक और इसे आजीविका के रूप में अपनाने के तरीकों की जानकारी देती हैं। उनके प्रशिक्षण से अन्य महिलाएं भी अपने घर और गांव में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर आमदनी अर्जित करने के लिए प्रेरित हो रही हैं।
कमला चौधरी का कहना है कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। समूह की नियमित बचत, ऋण की सुविधा और प्रशिक्षण ने उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने के साथ अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर दिया। उन्होंने अपनी सफलता में शासन की योजनाओं और स्व-सहायता समूह के सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
कमला की कहानी बताती है कि उचित प्रशिक्षण, आर्थिक सहयोग और निरंतर मेहनत के जरिए ग्रामीण महिलाएं न केवल अपनी आमदनी बढ़ा सकती हैं, बल्कि दूसरी महिलाओं के लिए भी रोजगार और आत्मनिर्भरता की राह तैयार कर सकती हैं।
















