वाराणसी। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की मतदाता सूची में भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने शनिवार को उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के मलदहिया स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) के बूथ संख्या 288 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता जोड़ो अभियान की प्रगति की जानकारी ली और बूथ पर उपलब्ध मतदाता सूची का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रदीप अग्रहरि ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि क्षेत्र का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम सूची में शामिल कराने पर ध्यान दिया जाए, ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभा सकें।
कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जागरूक और सक्रिय मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की नींव होते हैं। भारत जैसे विशाल लोकतांत्रिक देश में यह जरूरी है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता बनने का अवसर मिले। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक अधिकारों के इस्तेमाल की पहली महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और प्रशासनिक निकायों के साथ विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों की ओर से समय-समय पर मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जाता है। इस अभियान को प्रभावी बनाने में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर नए मतदाताओं का नाम जुड़वाने के साथ मतदाता सूची में दर्ज नामों की जांच करें और किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर संशोधन की प्रक्रिया में सहयोग करें।
प्रदीप अग्रहरि ने कार्यकर्ताओं से अभियान के प्रति गंभीरता और सक्रियता दिखाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं और नागरिकों को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है, ताकि अधिक से अधिक लोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ सकें।












