वाराणसी। शहर के भेलूपुर क्षेत्र में जल्द ही 20 एकड़ भूमि पर एक भव्य मेगा पार्क विकसित किया जाएगा। नगर निगम की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्रदेश सरकार की मंजूरी मिल चुकी है। करीब 104 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पार्क पर्यटन, पर्यावरण और अध्यात्म का नया केंद्र बनेगा।
पार्क का सबसे बड़ा आकर्षण 130 फीट ऊंचा शिवलिंग होगा, जिसे प्रदेश का सबसे ऊंचा शिवलिंग बताया जा रहा है। शिवलिंग के आसपास आकर्षक पाथवे, हरित क्षेत्र और आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए यहां लेजर शो का भी आयोजन किया जाएगा।
परियोजना के तहत बच्चों के लिए आधुनिक झूले, ओपन आर्ट गैलरी, गजीबो, फूड कोर्ट और बनारसी उत्पादों व हस्तशिल्प की बिक्री के लिए विशेष स्टॉल विकसित किए जाएंगे। आर्ट गैलरी में काशी की सांस्कृतिक विरासत और संगीत जगत से जुड़े महान कलाकारों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
नगर निगम के अनुसार पार्क को हरा-भरा बनाने के लिए देशी और विदेशी प्रजातियों के फूलों की विशेष बगिया तैयार की जाएगी। मॉर्निंग वॉक और फिटनेस गतिविधियों के लिए करीब एक हजार मीटर लंबा वॉक-वे भी बनाया जाएगा।
यह मेगा पार्क भेलूपुर स्थित जलकल विभाग की खाली पड़ी 20 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। नगर निगम ने परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
अधिकारियों का मानना है कि पार्क के निर्माण से शहर को एक नया ऑक्सीजन जोन मिलेगा। साथ ही पर्यटन, सांस्कृतिक गतिविधियों और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना काशी के शहरी विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।













