वाराणसी। मलदहिया स्थित फूलमंडी में किसानों को डराने-धमकाने और अवैध वसूली करने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विशाल दुबे और उसके साथी फिरोजुद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से फूल बेचने आने वाले किसानों पर दबाव बनाकर अवैध वसूली कर रहे थे। किसानों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा और रोडवेज चौकी प्रभारी कुमार गौरव सिंह की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया।
जानकारी के मुताबिक विशाल दुबे पर फूलमंडी क्षेत्र में अवैध कब्जा कर जबरन वसूली करने के आरोप पहले से दर्ज हैं। नगर निगम की तहरीर पर उसके खिलाफ पूर्व में भी मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की गतिविधियों के कारण मंडी में तनावपूर्ण स्थिति बन रही थी। शांति भंग की आशंका को देखते हुए दोनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किया गया और न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया।
किसानों ने पुलिस कार्रवाई पर राहत जताई है। पुलिस का कहना है कि मंडी क्षेत्र में अवैध वसूली और दबंगई के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









