वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर इमिग्रेशन जांच के दौरान एक अफगान नागरिक को फर्जी भारतीय पासपोर्ट के जरिए शारजाह जाने का प्रयास करते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी लंबे समय से कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारत में रह रहा था। ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन की सूचना पर थाना फूलपुर पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-183 (वाराणसी-शारजाह) की इमिग्रेशन जांच के दौरान एक यात्री भारतीय पासपोर्ट के साथ संदिग्ध पाया गया। दस्तावेजों की जांच और पूछताछ में उसकी वास्तविक पहचान अब्दुल रहमान ताराकी, निवासी गजनी (अफगानिस्तान) के रूप में हुई, जबकि वह रहमान शाह के नाम से भारतीय नागरिक बनकर यात्रा करने का प्रयास कर रहा था।
मेडिकल वीजा पर आया, वीजा खत्म होने के बाद भारत में रुका
जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2019 में अफगान पासपोर्ट और मेडिकल अटेंडेंट वीजा पर भारत आया था। वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद उसने भारत नहीं छोड़ा। पुलिस के अनुसार, उसने अपनी वास्तविक पहचान, जन्मतिथि और माता-पिता का नाम बदलकर मुंबई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) से कथित रूप से धोखाधड़ी कर भारतीय पासपोर्ट बनवा लिया।
कई फर्जी दस्तावेज और विदेशी मुद्रा बरामद
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, जन्म प्रमाण पत्र, डोमिसाइल प्रमाण पत्र, दो सोने जैसी धातु की अंगूठियां, एक कलाई घड़ी, 750 अमेरिकी डॉलर, 2255 यूएई दिरहम, 2060 अफगानी मुद्रा तथा 3110 रुपये भारतीय नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी दस्तावेज और सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन की तहरीर पर थाना फूलपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पासपोर्ट अधिनियम तथा आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम-2025 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरोह की भी होगी जांच
पुलिस का कहना है कि आरोपी को फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराने, भारतीय पासपोर्ट बनवाने और पूरे षड्यंत्र में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।













