वाराणसी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने जन्मदिन के अवसर पर रविवार को काशी पहुंचकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। दो दिवसीय काशी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ और बाबा कालभैरव के चरणों में मत्था टेककर देश और दिल्ली की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। दर्शन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से काशी की आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि काशी सनातन परंपरा और आस्था का केंद्र है, जहां भगवान शिव की दिव्य अनुभूति होती है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ और बाबा कालभैरव से सभी देशवासियों पर कृपा बनाए रखने तथा भारत के निरंतर विकास और प्रगति की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया संदेश के माध्यम से रेखा गुप्ता को जन्मदिन की बधाई देते हुए दिल्ली के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना भी की।
रेखा गुप्ता के काशी आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस की टीम सतर्क रही।









