वाराणसी। चोलापुर क्षेत्र में कथित पशु तस्करों की गिरफ्तारी के बाद शनिवार को चोलापुर थाने के बाहर तनावपूर्ण माहौल बन गया। गिरफ्तारी का विरोध करते हुए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जिनमें महिलाओं की संख्या भी अधिक थी, थाने पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। भीड़ ने “चोलापुर पुलिस मुर्दाबाद” के नारे लगाए, जिससे कुछ समय के लिए थाने के बाहर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी और आधिकारिक बयान का इंतजार है।









