चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण को लेकर व्यापारियों और प्रशासन के बीच बुधवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक बेनतीजा समाप्त हो गई। मुगलसराय कोतवाली परिसर में करीब दो घंटे तक चली बैठक में व्यापारियों और अधिकारियों के बीच लंबी चर्चा हुई, लेकिन किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी।
बैठक में व्यापारियों ने पीडब्ल्यूडी द्वारा लगाए गए लाल निशान पर कड़ा विरोध जताते हुए 52 फीट की बजाय 46 फीट तक ही सड़क चौड़ीकरण की मांग की। व्यापारियों का कहना था कि पूर्व में हुई वार्ता में 46 फीट तक सहमति बनी थी, ऐसे में अब अचानक 52 फीट चौड़ीकरण का निर्णय उनके हितों के खिलाफ है।
कई व्यापारियों ने अपने स्वामित्व संबंधी दस्तावेज और हाईकोर्ट के आदेश भी अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। इस पर एसडीएम अनुपम मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जिन लोगों को आपत्ति दर्ज करानी है या दस्तावेज प्रस्तुत करने हैं, वे पीडब्ल्यूडी कार्यालय में जमा कर सकते हैं, जहां नियमानुसार उनकी समीक्षा की जाएगी।
हालांकि प्रशासन ने अपने रुख में कोई बदलाव नहीं किया। एसडीएम और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने साफ कर दिया कि विभाग द्वारा चिह्नित लाल निशान तक आने वाले सभी निर्माण हटाए जाएंगे। प्रशासन ने यह भी घोषणा की कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई गुरुवार से शुरू होगी और इसकी शुरुआत स्टेशन क्षेत्र से की जाएगी।
व्यापारियों द्वारा अतिरिक्त समय की मांग भी प्रशासन ने अस्वीकार कर दी, जिससे स्थानीय व्यापारियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। अब शहर में चौड़ीकरण अभियान को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।









