मीरजापुर। पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में देवापुर (एनएच-35) से भटौली सेतु को जोड़ने वाले प्रस्तावित मीरजापुर बाईपास मार्ग निर्माण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभावित गांवों के किसानों के साथ भूमि क्रय और मुआवजे को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में दुल्लहपुर, भुईली पाण्डेय, भुईली दूबे, माधोपुर, शिवमऊ, बैदौली खुर्द और जौसरा गांवों के वे किसान शामिल हुए, जिनकी भूमि प्रस्तावित बाईपास निर्माण में प्रभावित हो रही है।
जिलाधिकारी ने किसानों को हेक्टेयरवार मुआवजे की विस्तृत जानकारी देते हुए भूमि क्रय प्रक्रिया के बारे में समझाया। प्रशासन के अनुसार बैठक के दौरान किसानों ने आपसी सहमति के आधार पर भूमि क्रय के लिए सहमति भी जताई।
बैठक में अजय कुमार सिंह, भूमि अध्याप्ति अधिकारी गुलाब चन्द, अधिशासी अभियंता अशोक कुमार सहित लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता और अवर अभियंता उपस्थित रहे।









