वाराणसी। जनपद में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की विकास परियोजनाओं में आ रही देरी और भूमि संबंधी समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, नई सड़क एवं लघु सेतु परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधूरी परियोजनाओं और निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण या जमीन से जुड़े विवाद लंबित हैं, उनका समाधान संबंधित किसानों और काश्तकारों से बातचीत कर आपसी सहमति के आधार पर कराया जाए। साथ ही नियमानुसार रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा न आने देने के निर्देश दिए।
डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को राजस्व विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित तहसीलों के उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) के साथ नियमित बैठक कर भूमि विवादों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि परियोजनाओं का कार्य समय पर पूरा हो सके।
बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के साथ गुणवत्ता मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य शुरू और पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को विकास कार्यों में लापरवाही न बरतने और जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।









