वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी आगमन पर बाबा विश्वनाथ की नगरी भक्ति, उत्साह और भव्यता से सराबोर नजर आई। प्रधानमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में 108 बटुकों के शंखनाद से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। प्रधानमंत्री ने त्रिशूल लहराकर काशीवासियों का अभिवादन किया।
मंदिर दर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का करीब 14 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो आयोजित किया गया। रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे, जिन्होंने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ नृत्य करते और उत्साहपूर्वक जयघोष करते दिखाई दिए।
पूरे मार्ग को विशेष रूप से सजाया गया था और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रधानमंत्री के स्वागत में उमड़ी भारी भीड़ ने पूरे शहर को उत्सव में बदल दिया। काशी की सड़कों पर जनसैलाब और उत्साह ने यह दिखा दिया कि प्रधानमंत्री के प्रति जनता में गहरा जुड़ाव और समर्थन कायम है।









