वाराणसी। बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं युवा सांसद शांभवी चौधरी के आगमन पर महिला प्रकोष्ठ द्वारा भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं का जोश, संगठन की मजबूती और राजनीतिक उत्साह देखने लायक रहा।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रीति उपाध्याय के मार्गदर्शन में पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रधान महासचिव सीमा सिंह के नेतृत्व में वाराणसी इकाई ने शांभवी चौधरी का ऐतिहासिक स्वागत किया। सीमा सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गरिमा सिंह, महानगर अध्यक्ष वंदना सिंह सहित सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने हर-हर महादेव और जय लोजपा के नारों के साथ पूरे वातावरण को जोश से भर दिया।
सीमा सिंह ने परंपरागत तरीके से तिलक लगाकर, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान सीमा सिंह ने 30 अप्रैल को प्रस्तावित विशाल आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की रणनीति साझा करते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
सांसद शांभवी चौधरी ने महिला प्रकोष्ठ की सक्रियता और संगठन क्षमता की सराहना करते हुए सीमा सिंह के नेतृत्व को प्रभावशाली बताया। उन्होंने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में महिला संगठन पार्टी की बड़ी ताकत बनकर उभर रहा है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने काशी में लोजपा (रामविलास) के बढ़ते जनाधार और महिला शक्ति के प्रभावशाली प्रदर्शन का संदेश दिया।









