वाराणसी। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार के साथ बीएलडब्ल्यू स्थित कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल के प्रवेश और निकास द्वारों का बारीकी से परीक्षण किया। भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही आगमन और प्रस्थान मार्गों को पूरी तरह सुगम बनाने पर जोर दिया गया, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील बिंदुओं को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि वीवीआईपी कार्यक्रमों में सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित संचार बेहद जरूरी होता है, इसलिए सभी विभाग आपसी तालमेल बनाकर कार्य करें।
अधिकारियों ने हेलीपैड, पार्किंग एरिया, वीवीआईपी एंट्री और ड्रॉपिंग जोन का भी निरीक्षण किया। कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले सभी मार्गों को बाधामुक्त रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने का निर्णय लिया गया है। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर डायवर्जन, बैरिकेडिंग और आपातकालीन मार्गों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान आमजन को भी कम से कम परेशानी हो।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी विभागों को कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए हैं।













