वाराणसी। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा और एडीसीपी वैभव बांगर ने पुलिस बल के साथ शहर के कई संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने लकड़मण्डी, जैतपुरा, दोषीपुरा और कजाकपुरा समेत मिश्रित आबादी वाले इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जुलूस मार्गों, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और प्रकाश व्यवस्था का परीक्षण किया गया। जहां भी आवश्यक सुधार की जरूरत पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने धर्मगुरुओं, ताजिया कमेटियों और स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक कर आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुहर्रम का पर्व परंपरागत तरीके से और प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप ही आयोजित किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी ताजिया जुलूस केवल तय रूट पर ही निकाले जाएंगे और बिना अनुमति किसी नए मार्ग का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जबकि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी रखी जाएगी।
सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भ्रामक, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली किसी भी पोस्ट, वीडियो या संदेश को साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने कहा कि वाराणसी हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक रहा है। सभी नागरिकों के सहयोग से मुहर्रम पर्व भी शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि पर्व के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, ताजिया मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त और निगरानी जारी रहेगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।













