वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बाबतपुर पर मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का आकलन करने के लिए 15 मिनट की हाई-लेवल मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान किसी भी संभावित आपातकालीन स्थिति से निपटने में सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता, समन्वय और रिस्पॉन्स टाइम का परीक्षण किया गया।
ड्रिल में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), स्थानीय पुलिस, एयरपोर्ट प्रशासन, एयरपोर्ट की आंतरिक सुरक्षा इकाई तथा एंटी टेरर स्क्वाड (ATS) के समन्वय से सुरक्षा अभ्यास किया गया। निर्धारित योजना के तहत एयरपोर्ट परिसर में ब्लैकआउट कर आपातकालीन स्थिति का माहौल तैयार किया गया।
अभ्यास के दौरान अचानक सुरक्षा सायरन बजते ही पूरा एयरपोर्ट अलर्ट मोड में आ गया। परिसर की रोशनी कुछ समय के लिए बंद कर दी गई और सुरक्षा बलों ने तत्काल अपनी-अपनी निर्धारित जिम्मेदारियां संभाल लीं। पूरे एयरपोर्ट परिसर की घेराबंदी कर संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों और कमांडो की तैनाती की गई।
करीब 15 मिनट तक चले इस अभ्यास में सुरक्षा एजेंसियों ने विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। ड्रिल के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, त्वरित प्रतिक्रिया और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को विशेष रूप से परखा गया।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, इस तरह की मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी सुरक्षा चुनौती या आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। समय-समय पर ऐसे अभ्यास कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाया जाता है।









