वाराणसी। कचहरी परिसर के विस्तारीकरण की मांग को लेकर सोमवार को संपूर्णानंद चौरा मां मंदिर चौराहे के पास अधिवक्ताओं ने विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर कचहरी परिसर को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के प्रस्ताव का विरोध जताया और मौजूदा स्थान पर ही विस्तार करने की मांग उठाई।
धरने में दी बनारस बार एसोसिएशन, वाराणसी के अध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ल, बनारस बार क्लब के संरक्षक अजय पांडेय ‘बबलू’, अखिलेश कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि लगातार नए अधिवक्ताओं की संख्या बढ़ रही है, लेकिन पर्याप्त चैंबर उपलब्ध नहीं होने से उन्हें गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि शासन-प्रशासन कचहरी परिसर को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की योजना बना रहा है, जिसका वे पुरजोर विरोध करते हैं। उनका कहना है कि कचहरी को दूसरी जगह शिफ्ट करने से न केवल अधिवक्ताओं, बल्कि न्यायिक कार्यों से जुड़े आम लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
धरने के दौरान सुझाव दिया गया कि बनारस बार क्लब के परिसर को कचहरी परिसर में शामिल कर विस्तार किया जा सकता है। इसके अलावा अधिवक्ताओं ने यह भी कहा कि कमिश्नर आवास और आसपास के कुछ बड़े भू-भागों का उपयोग कर कचहरी परिसर का विस्तार संभव है।
अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग केवल कचहरी परिसर के विस्तार की है, न कि उसके स्थानांतरण की। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक कचहरी परिसर के विस्तार को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने शासन और प्रशासन से न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र समाधान निकालने की मांग की।













