रायगढ़। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को कई स्थानों पर कार्रवाई की। कलेक्टर के निर्देश और खनिज अधिकारी के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम ने औचक जांच अभियान चलाकर अवैध परिवहन में लगे वाहनों और मशीनों को जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान कारीछापर क्षेत्र में विजय पटेल के नाम से संचालित एक वाहन को बिना वैध दस्तावेज रेत परिवहन करते पकड़ा गया। वहीं रानीगुड़ा रेत खदान क्षेत्र में अवैध उत्खनन में लगी देवरी पंचायत निवासी रोशन साहू की चैन माउंटेन मशीन को भी जब्त कर लिया गया।
इसके अलावा खरसिया मार्ग पर रायगढ़ स्थित जगदंबा शोरूम के पास टाइगर अग्रवाल निवासी चंद्रपुर के वाहन को चूना पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जांच में पाया गया कि संबंधित वाहन बिना वैध रॉयल्टी पर्ची के खनिज परिवहन कर रहे थे।
खनिज विभाग ने सभी मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक और चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और खनिज माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।









