रायगढ़। जिले के खरसिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिंजकोट-दर्रामुड़ा में स्थित मेसर्स सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड कंपनी के बाहर आज सुबह एक बड़ी लापरवाही का नजारा देखने को मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 09 बजे के आस-पास कंपनी से राखड़ लोड कर निकली हाईवा क्रमांक CG31B9058 ने निकलते ही सड़क पर राखड़ बिखेरना शुरू कर दिया।
देखते ही देखते कंपनी गेट से लेकर दर्रामुड़ा बाजार चौक तक की पूरी सड़क राखड़ से पट गई, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी धूल और डस्ट का सामना करना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम में परिवहनकर्ता I & U एसोसिएट्स (केशव प्रसाद राठौर, अनूपपुर) की घोर लापरवाही उजागर हुई है। गाड़ी के ड्राइवर ने खुद स्वीकार किया कि हाईवा की एक कुंडी टूटी हुई थी और दूसरी कुंडी लॉक नहीं की गई थी। इसके बावजूद ट्रांसपोर्टर द्वारा बिना सुरक्षा मानकों की जांच किए राखड़ लोड करवाकर गाड़ी को रवाना कर दिया गया।
सड़क पर राखड़ गिरने से मचे बवाल के बाद आनन-फानन में हाईवा को बाजार चौक से वापस कंपनी बुला लिया गया है। वहीं इस मामले में कंपनी की सिक्योरिटी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की बड़ी चूक सामने आई है कि उन्होंने बिना बारीकी से जांच किए इतनी बड़ी खामी वाली गाड़ी को बाहर कैसे जाने दिया। सिक्योरिटी का यह दावा कि चेक करते समय सब ठीक था, पूरी तरह संदेह के घेरे में है क्योंकि गेट से निकलते ही राखड़ गिरना शुरू हो गया था।
फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में भारी रोष है और लापरवाह ट्रांसपोर्टर I & U एसोसिएट्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैक लिस्ट करने और भारी जुर्माना लगाने की मांग की जा रही है। अब देखना होगा कि इस गंभीर लापरवाही पर आगे क्या एक्शन लिया जाता है।









