प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी हिमांशु यादव को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने उसके पांच अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विरोध को इस जघन्य वारदात की बड़ी वजह बताया जा रहा है।
यह दिल दहला देने वाली घटना नीबी कुकुरकटवा गांव में हुई, जहां 65 वर्षीय श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू, उनकी भाभी इंद्रावती देवी (60) और अमरावती देवी (55) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह जब ग्रामीणों ने तीनों के शव देखे तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, श्यामलाल गांव में परचून की दुकान चलाते थे और परिवार के सबसे बड़े सदस्य थे। घटना के समय उनकी पत्नी फूलकली देवी भी घर में मौजूद थीं, लेकिन मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण हमलावरों ने उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी हिमांशु यादव का श्यामलाल की भतीजी के साथ प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की असहमति के कारण लंबे समय से तनाव बना हुआ था। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और तीन दिन पहले ही पूरी योजना तैयार कर ली थी।
जांच के अनुसार, सोमवार देर रात आरोपी ने फोन करके श्यामलाल को दुकान पर बुलाया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद हिमांशु ने पास पड़े खूंटे से हमला कर उनकी हत्या कर दी। शोर सुनकर बाहर आईं इंद्रावती देवी और बाद में पहुंचीं अमरावती देवी को भी हमलावरों ने बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर हिमांशु यादव, अंकित, निहाल गौतम और राजन यादव समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
हथियार बरामदगी के दौरान हुआ मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी हिमांशु यादव को हथियार बरामद कराने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने पुलिस टीम से भागने की कोशिश की और एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित साजिशकर्ताओं की भी पड़ताल की जा रही है।













