उत्तर प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। सरकार ने नई व्यवस्था लागू करते हुए तय किया है कि अब बैलेंस खत्म होने पर भी उपभोक्ताओं की बिजली तुरंत नहीं काटी जाएगी। इसके तहत शून्य बैलेंस होने के बाद भी तीन दिन या 200 रुपये तक बिजली आपूर्ति जारी रहेगी।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शक्ति भवन में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से आम उपभोक्ताओं और व्यापारियों दोनों को राहत मिलेगी।
नई गाइडलाइन के अनुसार, स्मार्ट मीटर लगने के बाद शुरुआती 45 दिनों तक किसी भी स्थिति में बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। यह सुविधा 2 किलोवाट भार तक के उपभोक्ताओं पर लागू होगी।
इसके साथ ही उपभोक्ताओं को समय रहते जानकारी देने के लिए पांच स्तर की एसएमएस अलर्ट प्रणाली भी लागू की जाएगी। इसमें 30% बैलेंस पर पहला संदेश, 10% पर दूसरा, बैलेंस खत्म होने पर तीसरा, कनेक्शन कटने से एक दिन पहले चौथा और कनेक्शन कटने के बाद पांचवां संदेश भेजा जाएगा।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिनों में बैलेंस निगेटिव होने के बावजूद बिजली आपूर्ति जारी रहेगी और कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
बैठक में ऊर्जा मंत्री ने डिस्कॉम अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ट्रांसफार्मर बदलने में देरी न हो और ढीले तारों जैसी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
गौरतलब है कि यह फैसला अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की मांग पर लिया गया है, जिससे प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।













