वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से खोए हुए 121 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कुल कीमत करीब 24 लाख रुपये आंकी गई है। सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए, जिससे लोगों में खुशी का माहौल देखा गया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र, डीसीपी क्राइम नीतू कादयान और सहायक पुलिस आयुक्त शुभम सिंह ने किया। इसमें सर्विलांस टीम और विभिन्न थानों की पुलिस ने मिलकर काम किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिन नागरिकों के मोबाइल फोन खो गए थे, उन्होंने CEIR Portal पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसी पोर्टल की मदद से मोबाइल की लोकेशन ट्रैक कर उन्हें बरामद किया गया। लगातार मॉनिटरिंग और तकनीकी विश्लेषण के जरिए यह सफलता हासिल हुई।
मोबाइल वापस मिलने पर कई लोग भावुक नजर आए और पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की। इस अभियान में निरीक्षक दिनेश कुमार यादव समेत कई पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही, जिन्हें अधिकारियों ने सराहा।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने की स्थिति में तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें, ताकि समय रहते उसे ट्रेस कर वापस दिलाया जा सके।









