कौशांबी। जिले के कोखराज थाना क्षेत्र स्थित सिहोरी टोल प्लाजा पर शुक्रवार सुबह एलपीजी से भरे टैंकर के हादसे का शिकार होने के बाद भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में टैंकर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि टोल प्लाजा के पांच कर्मचारियों समेत सात लोग घायल हो गए। इनमें पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार एलपीजी टैंकर ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलटते हुए टोल प्लाजा से जा भिड़ा। हादसे के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया और कुछ ही देर में जोरदार विस्फोट के साथ टैंकर आग के गोले में बदल गया। आग बुझने के बाद टैंकर के भीतर चालक के अवशेष मिले, जिससे उसकी मौत की पुष्टि हुई।
हादसे में टोल प्लाजा परिसर में खड़ी 16 मोटरसाइकिलें और दो कारें भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग तेजी से फैलते हुए टोल प्लाजा के यार्ड और शौचालय तक पहुंच गई, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा।
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि हादसे में कुल सात लोग घायल हुए हैं। इनमें पांच को गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर किया गया है, जबकि दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए डीएसओ और तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया है।









