वाराणसी। All India Organisation of Chemists and Druggists के आह्वान पर ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 20 मई को वाराणसी में मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। शहर के दवा कारोबारियों ने ई-फार्मेसी के खिलाफ आंदोलन का समर्थन करते हुए बंद का ऐलान किया है।
दवा विक्रेता समिति के अनुसार शहर की करीब 3000 से अधिक थोक और रिटेल मेडिकल दुकानें बंद रहेंगी। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं के लिए आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जबकि सामान्य बिक्री पूरी तरह प्रभावित रहेगी।
व्यापारियों का आरोप है कि ई-फार्मेसी कंपनियां नियमों की अनदेखी कर बिना डॉक्टर की पर्ची दवाओं की आपूर्ति कर रही हैं, जिससे मरीजों की सेहत को खतरा बढ़ रहा है। उनका कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एंटीबायोटिक दवाओं का गलत इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है।
दवा कारोबारियों ने यह भी आरोप लगाया कि मरीजों की निजी जानकारी के दुरुपयोग और पुराने प्रिस्क्रिप्शन पर बार-बार दवा उपलब्ध कराने जैसी गंभीर शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके अलावा बड़ी ऑनलाइन कंपनियां भारी छूट देकर छोटे मेडिकल स्टोर संचालकों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रही हैं।
व्यापारियों ने सरकार से ई-फार्मेसी के संचालन पर सख्त निगरानी और स्पष्ट नियम लागू करने की मांग की है। आंदोलन को लेकर शहरभर में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। दवा विक्रेता संगठन पोस्टर और पर्चों के माध्यम से लोगों को बंद और उसके कारणों की जानकारी दे रहे हैं।









