वाराणसी। पिण्डरा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा घमहापुर में हाल ही में हुई हृदयविदारक घटना के बाद सोमवार को पिण्डरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह और सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने मृतक मनीष सिंह के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
विधायकों ने मौके पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पिण्डरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में कानून का शासन है और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को काशी दौरे के दौरान इस घटना की जानकारी दी गई थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। इसी क्रम में दोनों विधायकों ने मुख्यमंत्री की ओर से स्वीकृत 10 लाख रुपये की सहायता राशि का प्रमाण पत्र मृतक की दादी को सौंपा।
विधायकों ने परिवार को भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।









