रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण बताए हैं। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में अत्यंत भारी वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
राज्य के बिलासपुर और बस्तर संभाग सहित कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से अच्छी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, इस सीजन में अब तक प्रदेश में औसत वर्षा सामान्य से कम रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दो दिनों में मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश का दौर देखने को मिलेगा।
इन जिलों में रेड अलर्ट
अगले 24 घंटों के लिए रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, राजनांदगांव, बेमेतरा, महासमुंद, बालोद, धमतरी, गरियाबंद और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में अत्यधिक बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है।
ऑरेंज और येलो अलर्ट वाले जिले
कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा तथा बिलासपुर संभाग के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सुकमा, बीजापुर और जशपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले 48 घंटे और भी चुनौतीपूर्ण
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और मुंगेली जिलों में अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है। इसके अलावा बिलासपुर, बेमेतरा, दुर्ग, बालोद, नारायणपुर, बीजापुर, कोरबा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया और कांकेर जिलों में भी भारी वर्षा का अनुमान है। रायपुर, बलरामपुर, सरगुजा और सूरजपुर जिलों में भी तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
लोगों के लिए जारी की गई सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। लगातार बारिश के कारण सड़कें फिसलनभरी हो सकती हैं और कई स्थानों पर जलभराव से यातायात बाधित होने की संभावना है। निचले इलाकों में पानी भरने, छोटे पुलों और नालों पर जलस्तर बढ़ने तथा दृश्यता कम होने जैसी स्थितियां भी बन सकती हैं।
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।













