जौनपुर। समाजसेवा और मानवता का संदेश देते हुए मां धर्मा देवी फाउंडेशन ट्रस्ट ने युवा समाजसेवी एवं भावी विधायक अनिल शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर श्री बालाजी एकेडमी, कोर्री, बलुआ (जलालपुर) में सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान विद्यालय के बच्चों को जलपान वितरित कर उनके साथ जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं।
कार्यक्रम का आयोजन ट्रस्ट के चेयरमैन एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने बच्चों को जलपान कराते हुए अनिल शर्मा के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर सफलता की कामना की। इस दौरान बच्चों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि मां धर्मा देवी फाउंडेशन ट्रस्ट का उद्देश्य केवल सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि सेवा, करुणा, संस्कार और मानवता के मूल्यों को समाज तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि उनकी स्वर्गीय माता धर्मा देवी की स्मृति में स्थापित यह ट्रस्ट जरूरतमंदों की सहायता, शिक्षा को बढ़ावा देने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के लिए लगातार सक्रिय है।
उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आए। सेवा का भाव ही समाज को मजबूत बनाता है और नई पीढ़ी में सकारात्मक सोच विकसित करता है।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के महामंत्री राजेश गौतम, सदस्य प्रदीप कुमार चौरसिया, संतोष कुमार सहित विद्यालय के निदेशक संजय कुमार सिंह, प्रधानाचार्या शालिनी सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट की ओर से यह संदेश दिया गया कि समाज में सबसे बड़ी श्रद्धांजलि सेवा है। यदि प्रत्येक व्यक्ति किसी एक जरूरतमंद के जीवन में मुस्कान लाने का संकल्प ले, तो मानवता का उद्देश्य स्वतः पूरा हो जाएगा। ट्रस्ट ने भविष्य में भी शिक्षा, सामाजिक सहयोग और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम लगातार जारी रखने का संकल्प दोहराया।













