नई दिल्ली। घरेलू गैस सिलेंडर की जल्द डिलीवरी अब उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। गैस कंपनियों ने ऑनलाइन बुकिंग के दौरान “प्राथमिकता डिलीवरी” नाम से नई सुविधा शुरू की है, जिसके तहत ग्राहकों को कम समय में सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। हालांकि इसके लिए अतिरिक्त शुल्क भी वसूला जा रहा है।
जानकारी के अनुसार Indian Oil Corporation के Indane App पर गैस सिलेंडर बुकिंग के दौरान अब उपभोक्ताओं को सामान्य डिलीवरी और प्राथमिकता डिलीवरी के दो विकल्प दिए जा रहे हैं। सामान्य डिलीवरी में जहां घरेलू सिलेंडर की कीमत 970.50 रुपये बताई जा रही है, वहीं प्राथमिकता डिलीवरी चुनने पर करीब 20 रुपये अतिरिक्त शुल्क जोड़ा जा रहा है।
इसके अलावा ऑनलाइन भुगतान के दौरान बैंक चार्ज और उस पर लगने वाला जीएसटी भी उपभोक्ताओं की कुल राशि बढ़ा रहा है। सभी शुल्क जोड़ने के बाद एक सिलेंडर की कीमत करीब 1010.84 रुपये तक पहुंच रही है। यानी जल्दी डिलीवरी की सुविधा लेने पर ग्राहकों को लगभग 40 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं।
प्राथमिकता डिलीवरी सुविधा में ग्राहकों से डिलीवरी की तारीख और समय का विकल्प भी लिया जा रहा है। गैस कंपनियां इसे प्रीमियम सेवा के रूप में पेश कर रही हैं, लेकिन अतिरिक्त शुल्क को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।









