चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को हुई दो अलग-अलग घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया। एक ओर मामूली विवाद में अधेड़ पर चाकू से हमला कर दिया गया, वहीं दूसरी घटना में कुछ युवकों ने एक रेस्टोरेंट में घुसकर जमकर तोड़फोड़ और मारपीट की। दोनों घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं।
पहली घटना कैलाशपुरी क्षेत्र की है, जहां 60 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक अधेड़ पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
वहीं दूसरी घटना जायसवाल स्कूल के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में हुई। बताया जा रहा है कि कुछ युवक रेस्टोरेंट में घुस गए और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने रेस्टोरेंट के शीशे और अन्य सामान में भी तोड़फोड़ की। इस घटना में पांच लोग घायल हुए हैं।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।









