वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही काशी से दो नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने जा रहे हैं, जिससे उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती मिलेगी। इनमें सबसे खास बनारस से पुणे के हडपसर तक चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल है।
रेलवे बोर्ड के अनुसार 22589/22590 नंबर की यह अमृत भारत एक्सप्रेस बनारस रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन शाम 6:15 बजे रवाना होगी और लगभग 30 घंटे की यात्रा के बाद तीसरे दिन रात 12:10 बजे हडपसर (पुणे) पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन दोपहर 2:30 बजे हडपसर से चलकर अगले दिन सुबह 7:50 बजे बनारस पहुंचेगी।
इस ट्रेन का पहला ठहराव ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर होगा, जिससे भदोही के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। खास बात यह है कि ज्ञानपुर से पुणे के लिए यह पहली नियमित ट्रेन होगी।
ट्रेन कुल 20 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें प्रयागराज, झांसी, बीना, इटारसी, भुसावल, मनमाड और अहमदनगर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं।
इसके अलावा अयोध्या से मुंबई के बीच भी एक नई ट्रेन शुरू की जा रही है। इन दोनों ट्रेनों के संचालन से उत्तर प्रदेश के कई जिलों का महाराष्ट्र से सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा, जिससे यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा।









