आजमगढ़। जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने शुक्रवार को टॉप-10 चिन्हित अपराधियों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई नगर क्षेत्र में एक साथ कई स्थानों पर की गई।
क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने चिन्हित अपराधियों के घरों और संभावित ठिकानों पर पहुंचकर उनकी वर्तमान स्थिति, गतिविधियों और उपलब्धता का सत्यापन किया। अभियान के दौरान स्थानीय स्तर पर भी आवश्यक जानकारी जुटाई गई, ताकि अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
पुलिस ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि चिन्हित अपराधियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि सामने आती है तो नियमानुसार तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों पर प्रभावी अंकुश बनाए रखने, असामाजिक तत्वों में कानून का भय कायम करने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के लिए इस तरह के विशेष सत्यापन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।









