पुलिस मुठभेड़, एक लाख का इनामी शूटर ढेर; बिल्डर हत्याकांड का था मुख्य आरोपी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार को पुलिस और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी संजय उर्फ संजीव मारा गया। पुलिस के अनुसार वह 27 मई को पीजीआई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था और घटना के बाद से फरार चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के चक कोदार गांव निवासी संजय उर्फ संजीव पर पुलिस आयुक्त की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश और विशेष अभियान चलाया जा रहा था।

शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम इंदिरा कैनाल रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस का सामना संजय से हुआ। पुलिस का कहना है कि घिरता देख उसने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से संजय गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल बदमाश को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार संजय उर्फ संजीव कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था और बिल्डर हत्याकांड में उसकी भूमिका मुख्य शूटर के रूप में सामने आई थी। पुलिस अब इस हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ब्यूरो प्रमुख- लखनऊ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!