वाराणसी। शहर के लक्सा थाना क्षेत्र में पीडीआर मॉल के सामने मंगलवार शाम शराब के नशे में धुत युवकों का हंगामा देखने को मिला। एक ऑटो में सवार 5–6 युवकों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया, राहगीरों से बदसलूकी की और खुलेआम गाली-गलौज करते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों की उम्र करीब 18 से 25 वर्ष के बीच थी और सभी नशे की हालत में थे। ऑटो में सवार ये युवक लगातार हॉर्न बजाते रहे और आसपास से गुजर रहे स्कूटी व बाइक सवार लोगों से अभद्र व्यवहार करते रहे। मना करने पर भी उन्होंने गाली-गलौज जारी रखी और सड़क पर हंगामे जैसी स्थिति पैदा कर दी।
बताया जा रहा है कि यह घटना करीब रात 8 बजे की है। काफी देर तक हंगामा करने के बाद जब स्थानीय लोगों ने विरोध किया, तो युवक गाली देते हुए मौके से फरार हो गए।
हैरानी की बात यह रही कि घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर ट्रैफिक पुलिस के जवान मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। स्थानीय लोगों में इसको लेकर नाराजगी देखी गई।
सूत्रों के अनुसार, हंगामा करने वाले कुछ युवक इलाके के ही परिचित बताए जा रहे हैं और ऑटो चलाते हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। क्षेत्रीय लोगों ने ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।









