रायबरेली/अमेठी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान रायबरेली और अमेठी में केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। बुधवार को रायबरेली में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसका असर आम जनता पर दिखाई देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की आर्थिक स्थिति संभालने में विफल रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि जब आरएसएस के कार्यकर्ता आपके सामने आएं तो उनसे पूछिए कि देश में बेरोजगारी क्यों बढ़ रही है, छोटे कारोबार क्यों बंद हो रहे हैं और युवा निराशा में क्यों जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, महिलाएं और छोटे व्यापारी परेशान हैं, लेकिन सरकार गंभीर मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय प्रचार और छवि निर्माण में लगी हुई है।
अमेठी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि देश आर्थिक मुश्किलों से गुजर रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री विदेश दौरों और सोशल मीडिया रील बनाने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि देश में गैस महंगी है, रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं और युवा डिप्रेशन का शिकार हो रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ प्रधानमंत्री मोदी के वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि “मोदी मेलोनी को टॉफी खिला रहे हैं और भाजपा वाले ताली बजा रहे हैं।”
राहुल गांधी ने दावा किया कि आने वाले समय में आर्थिक हालात और कठिन हो सकते हैं। उन्होंने नोटबंदी और कोविड काल का जिक्र करते हुए कहा कि जनता पहले भी आर्थिक फैसलों का असर झेल चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जिस आर्थिक ढांचे को मजबूत करना चाहिए था, उस दिशा में काम नहीं किया गया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए लिखा कि आर्थिक संकट सिर पर है और सरकार जनता की समस्याओं से दूर नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि किसान, युवा, महिलाएं और छोटे व्यापारी परेशान हैं, लेकिन सरकार प्रचार में व्यस्त है।
राहुल गांधी के बयान पर भाजपा नेताओं ने भी पलटवार किया। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी का बयान उनकी अराजकतावादी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आतंकवाद और नक्सलवाद पर नियंत्रण हुआ है तथा देश की सुरक्षा मजबूत हुई है।
वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को जनादेश दिया है और विपक्ष इस हार को स्वीकार नहीं कर पा रहा है।
राहुल गांधी मंगलवार को रायबरेली पहुंचे थे और बुधवार को अमेठी पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संजय गांधी अस्पताल में मरीजों का हालचाल भी जाना। लोकसभा चुनाव 2024 के बाद यह राहुल गांधी का रायबरेली का सातवां दौरा बताया जा रहा है।













