वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के ग्राम जगतपुर बढ़ापुर से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां बीते 20 अप्रैल से लापता महिला का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। महिला की पहचान नितू मिश्रा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह अचानक घर से लापता हो गईं, जिसके बाद परिवार ने अपने स्तर से रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
बताया जा रहा है कि परिवार बेहद गरीब है और मजदूरी कर किसी तरह जीवन यापन करता है। नितू मिश्रा के लापता होने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में छोटे-छोटे बच्चे हर दिन अपनी मां का इंतजार कर रहे हैं और रो-रोकर बेहाल हैं। परिजनों की हालत भी लगातार खराब होती जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद रोहनिया पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ-साथ संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है।
परिजनों ने आम लोगों से भी मदद की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति को नितू मिश्रा के संबंध में कोई जानकारी मिले या कहीं दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या संबंधित नंबर पर सूचना देने की अपील की गई है।
परिवार का कहना है कि एक छोटी सी सूचना उनके घर की खुशियां वापस ला सकती है। स्थानीय लोगों ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक यह खबर पहुंचाने की अपील की है, ताकि लापता महिला जल्द सकुशल अपने परिवार तक लौट सके।









