चंदौली। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चंदौली प्रेस क्लब की ओर से मुगलसराय स्थित एक स्थानीय होटल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में पत्रकारिता की भूमिका, उसकी चुनौतियों और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा, बीएचयू हिंदी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. अरुण कुमार सहित वरिष्ठ पत्रकार विजय विनीत उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता की दो शताब्दियों की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्षता, जनहित और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं बल्कि एक मिशन है, जिसे समर्पण और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकारों ने अपने संबोधन में पत्रकारिता में विपक्ष की भूमिका, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने और समाज को सही दिशा देने में मीडिया की अहम भूमिका पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने युवा पत्रकारों से सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पवन तिवारी ने किया। समारोह में जिले के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान चंदौली प्रेस क्लब की स्मारिका एवं पत्रिका का भी विमोचन किया गया। समारोह का समापन अतिथियों के सम्मान और पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों के अभिनंदन के साथ हुआ।













