चंदौली। नई सट्टी स्थित कैंप कार्यालय में शुक्रवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विश्वकर्मा सेवा ट्रस्ट के जिलाध्यक्ष एवं व्यापार मंडल जिला प्रभारी घनश्याम विश्वकर्मा ने की।
बैठक में सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाओ अभियान से प्रभावित व्यापारियों ने अपनी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। व्यापारियों ने कहा कि उन्हें बिना उचित व्यवस्था के उजाड़ा जा रहा है, जिससे उनकी रोजी-रोटी और परिवार के भरण-पोषण पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने व्यापार मंडल पदाधिकारियों से मांग की कि प्रभावित व्यापारियों के लिए वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था कराई जाए।
जिला प्रभारी घनश्याम विश्वकर्मा ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर व्यापारियों के पुनर्वास और समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने जिला महामंत्री को निर्देशित किया कि व्यापारियों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराया जाए।
बैठक में जिला महामंत्री अनिरुद्ध जायसवाल, मृत्युंजय गुप्ता, इंद्र भूषण मिश्रा, जिला संरक्षण भगवान दास जायसवाल, जिला कोषाध्यक्ष ऋतिक विश्वकर्मा, इम्तियाज अहमद गुड्डू सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक में व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठित प्रयास करने पर जोर दिया गया।









